ओडिशा विधानसभा का बजट सत्र पांच फरवरी से होगा शुरू

भुवनेश्वर,  ओडिशा विधानसभा का बजट सत्र पांच फरवरी से शुरू होगा। एक अधिसूचना में शुक्रवार को यह जानकारी दी गयी।

संसदीय कार्य मामलों के विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सत्र 13 फरवरी तक चलेगा, जिसमें पांच कार्य दिवस होंगे। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रघुबर दास के संबोधन के साथ होगी।

वित्त मंत्री बिक्रम केशरी अरुखा आठ फरवरी को 2024-25 वित्त वर्ष के शुरुआती चार महीनों के लिए अंतरिम बजट पेश करेंगे। लेखानुदान के लिए विनियोग विधेयक नौ फरवरी को पेश किया जाएगा।

राज्य विधानसभा के लिए चुनाव से पहले मौजूदा विधानसभा का यह अंतिम सत्र होगा। देश में लोकसभा चुनाव के साथ ही राज्य विधानसभा के चुनाव होंगे।

चार दिवसीय शीतकालीन सत्र के बाद 24 नवंबर को सदन अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया था।