देश में कर्नाटक की तरह आरक्षण लागू करना चाहती है कांग्रेस : धामी

रांची, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस कर्नाटक की तरह पूरे देश में आरक्षण लागू करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में रातोंरात एक विशेष समुदाय को ओबीसी की सूची डाल दिया गया।

रांची लोकसभा सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए धामी ने लोगों से देश को भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और वंशवादी राजनीति से बचाने के लिए भाजपा को वोट देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, “ऐसे समय में जब देश समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की ओर बढ़ रहा है, कांग्रेस कहती है कि अगर वह सत्ता में आई तो मुस्लिम पर्सनल लॉ लागू करेगी। अब लोगों को यह तय करना है कि देश को तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति का समर्थन करना चाहिए या सभी के लिए समान कानून का।”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल आदिवासियों, ओबीसी और एससी समुदाय के आरक्षण के अधिकार को छीनकर एक विशेष समुदाय को देना चाहते हैं।

धामी ने कहा, “कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने रातोंरात एक विशेष समुदाय को ओबीसी सूची में शामिल कर दिया। अब वह ऐसा ही पूरे देश में करना चाहती है।”

रांची में 25 मई को मतदान होगा।