चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर छह माह रहने के बाद तीन अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर लौटे

ताइपे, चीन के तीन अंतरिक्ष यात्री छह महीने तक अपने देश के अंतरिक्ष स्टेशन पर रहने के बाद मंगलवार सुबह पृथ्वी पर लौट आए।

आधिकारिक समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि जिंग हाइपेंग, झू यांगझू और गुई हाइचाओ गोबी रेगिस्तान के किनारे जिउक्वान उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र के पास ‘रिटर्न कैप्सूल’ से बाहर आए। तीनों का स्वास्थ्य अच्छा है।

अंतरिक्ष स्टेशन का नया तीन सदस्यीय दल पिछले सप्ताह तियांगोंग स्टेशन पर पहुंचा। यह नया दल चिकित्सकीय और वैज्ञानिक प्रयोग करने के साथ साथ उपकरणों का रखरखाव करेगा।

चीन ने 2003 में अपने पहले मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन को अंजाम दिया और 2030 से पहले चंद्रमा पर उसने अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने की योजना बनाई है। चीन ने चंद्रमा की सतह से नमूने लिए और चंद्रमा के सुदूर हिस्से पर एक रोवर उतारा है। उसकी भविष्य की योजनाओं में ब्रह्मांड के रहस्यों के गहन अध्ययन के लिए एक नई दूरबीन भेजना शामिल है।