मरा नहीं करती गीतों की शोख ‘आशा’

0
Singer-Asha-Bhosle

पिछले कुछ वर्षों में भारतीय फ़िल्म जगत को लगातार बड़े नाम के जाने से झटका लगा है. अभी चले गए कलाकारों के गम को सिने जगत भूल भी नहीं पाया था कि 12 अप्रैल 2026 को चंचल, शोख वह रोमांटिक  फिल्मी गीतों की अद्भुत गायिका, गायन क्षेत्र की लाइट हाउस, सुरों की मलिका और गीत, ग़ज़ल पॉप, के साथ-साथ भजन एवं शास्त्रीय गीतों की स्टूडियो में  सबसे ज्यादा एकल गीत रिकॉर्ड करने वाली आशा भोंसले भी छोड़ कर चली गई हैं। 

 

   भारतीय सिने-संगीत की समृद्ध परंपरा में आशा भोंसले का नाम एक ऐसे स्वर के रूप में दर्ज है, जिन्होने समय, शैली और सीमाओं को लगातार लांघते हुए हर पीढ़ी को अपना मुरीद बनाया। 

 

    8 सितंबर 1933 को सांगली में जन्मीं आशा, अपने समय के प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक दीनानाथ मंगेशकर की पुत्री थीं और उसी संगीत-सिक्त वातावरण में पली-बढ़ीं, जहाँ सुर ही जीवन का पहला और अंतिम सत्य था। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियाँ अचानक उनके और बड़ी बहन लता मंगेशकर के कंधों पर आ गईं; यही वह दौर था जब बचपन ने बिना आहट युवावस्था का रूप ले लिया और संघर्ष ने उनकी आवाज़ में एक अनोखी परिपक्वता भर दी।

 

    परिवार में  बड़ी दीदी लता मंगेशकर के साथ उनका संबंध हमेशा विशेष रहा—दोनों ही बहनें अपने-अपने ढंग से संगीत की साधक थीं, और यद्यपि पेशेवर प्रतिस्पर्धा की चर्चाएँ समय-समय पर होती रहीं परंतु निजी जीवन में यह रिश्ता सम्मान, स्नेह और एक-दूसरे की कला के प्रति गहरी समझ से भरा रहा। छोटी बहन उषा मंगेशकर के साथ भी उनका रिश्ता आत्मीयता और सहयोग का रहा, जहाँ परिवार की डोर ने हर उतार-चढ़ाव में उन्हें जोड़े रखा। यह वही पारिवारिक पृष्ठभूमि थी जिसने आशा को न केवल एक महान गायिका बनाया, बल्कि जीवन के हर मोड़ पर दृढ़ बने रहने की शक्ति भी दी।

   कम उम्र में उन्होंने गणपत राव भोंसले से विवाह किया, जो परिवार की इच्छा के विरुद्ध था। यह संबंध अधिक समय तक टिक नहीं सका और वैवाहिक जीवन में आए तनावों ने अंततः अलगाव का रूप ले लिया। इस टूटन ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया लेकिन यहीं से उनके जीवन का वह अध्याय शुरू हुआ, जहाँ उन्होंने अपने अस्तित्व को पूरी तरह संगीत के हवाले कर दिया। वे अपने बच्चों के साथ एक नई शुरुआत के लिए खड़ी हुईं और संघर्ष के उस कठिन दौर में भी अपनी आवाज़ को कभी थकने नहीं दिया।

फिल्मी दुनिया में शुरुआती दौर आसान नहीं था। जहां एक और उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर स्वरकोकिला के रूप में फिल्म जगत में छाई हुई थी वहीं उन्हें लंबे समय तक छोटे बजट की फिल्मों और तथाकथित ‘दूसरे दर्जे’ के गीतों तक सीमित रखा गया।

 

 उनकी असाधारण प्रतिभा को पहचानने वालों में सबसे प्रमुख  रहे संगीतकार ओ. पी. नैय्यर जिन्होंने आशा की आवाज़ में वह चंचलता और ऊर्जा देखी, जो मुख्यधारा के संगीत में एक नई ताजगी ला सकती थी। “आईये मेहरबान” और “जरा हौले-हौले चलो” जैसे गीतों ने उन्हें नई पहचान दी। इसके बाद आर. डी. बर्मन के साथ उनका रचनात्मक और व्यक्तिगत संबंध भारतीय संगीत इतिहास की सबसे सफल साझेदारियों में गिना जाने लगा। “पिया तू अब तो आजा”, “दम मारो दम” और “चुरा लिया है तुमने” जैसे गीतों ने न केवल उन्हें लोकप्रियता के शिखर पर पहुँचाया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि वे हर शैली, चाहे वह कैबरे हो, ग़ज़ल हो या पॉप सबमें समान अधिकार से गा सकती हैं।

 

   फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों के साथ भी उनके संबंध बेहद पेशेवर और सृजनात्मक रहे। गुरु दत्त की फिल्मों में उनकी आवाज़ ने संवेदनशीलता को नया आयाम दिया, तो विजय आनंद की फिल्मों में उनकी गायकी ने आधुनिकता और रोमांच का नया रंग भरा। संगीतकारों में खय्याम के साथ फिल्म उमराव जान के गीत “इन आँखों की मस्ती” ने उनकी गायकी के शास्त्रीय पक्ष को अमर कर दिया। इसी तरह इलैयाराजा और ए. आर. रहमान जैसे संगीतकारों के साथ भी उन्होंने समय के साथ खुद को ढालते हुए नई पीढ़ी में अपनी प्रासंगिकता बनाए रखी।

 

    उनके जीवन का हर मोड़ मानो उनके गीतों में ढलता चला गया। “पिया तू अब तो आजा” में उनकी आवाज़ की बेचैनी, “दम मारो दम” में विद्रोह की धुन, “इन आँखों की मस्ती” में ठहराव और गहराई, सब उनके अपने जीवन के अलग-अलग रंगों का ही प्रतिबिंब प्रतीत होते हैं। यही कारण है कि उनका संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक जीवंत अनुभव बन जाता है।

   व्यक्तिगत जीवन में आर. डी. बर्मन के साथ उनका विवाह उनके जीवन का स्थिर और सृजनात्मक दौर साबित हुआ, जहाँ दोनों ने एक-दूसरे की कला को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनके बच्चों, हेमंत भोंसले और वर्षा भोंसले के साथ उनका संबंध स्नेह और आत्मीयता से भरा रहा, हालांकि जीवन ने उन्हें कई व्यक्तिगत दुख भी दिए।

 

फिल्म जगत में जहां व्यक्तिगत संबंध एवं पारिवारिक पृष्ठभूमि लाभ का सौदा रहती है और फिल्म जगत से जुड़े हुए लोगों को आसानी से प्रमोशन और किकबैक मिल जाते हैं लेकिन आशा भोंसले को लता मंगेशकर की छोटी बहन होने का लाभ कम और नुक़सान ज़्यादा हुआ।  एक ऐसा लंबा दौर उनके जीवन में आया जब सुरीली आवाज, गायन की गहरी समझ और पूरे समर्पण के साथ हर शैली में गाने की महारत के बावजूद उनकी प्रतिभा का इस्तेमाल उतना नहीं हो पाया जितना होना चाहिए था। कई बार तो कुछ बातों को लेकर उनके लता मंगेशकर के साथ गहरे मतभेद भी चर्चा में रहे लेकिन उनके समर्पण और श्रेष्ठ गायन के चलते समय के साथ उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार और पद्म विभूषण जैसे सर्वोच्च सम्मानों से नवाजा गया लेकिन उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि वह प्रेम है जो उन्हें करोड़ों श्रोताओं से मिला।

     

   उम्र और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद उनका संगीत के प्रति समर्पण कभी कम नहीं हुआ। वह आख़िरी समय तक सुरों की साधना में लीन रहीं।, आशा भोंसले केवल एक गायिका नहीं, बल्कि एक युग पूरे युग की प्रतिनिधि गायिका रही हैं ,एक ऐसा युग, जिसकी हर धुन, हर गीत और हर स्वर भारतीय संगीत की आत्मा में हमेशा गूंजता रहेगा, जैसे कोई मधुर पुकार—“पिया तू… अब तो आजा…” .  

 

 

डॉ घनश्याम बादल 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *