टोरंटो, 14 अप्रैल (एपी) कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोमवार रात विशेष चुनाव में जीत हासिल करके अपनी सरकार के लिए बहुमत सुनिश्चित कर लिया। इससे उनकी लिबरल पार्टी अब बिना विपक्षी दलों के समर्थन के भी कानून पारित कर सकेगी।
मतदाताओं ने 343 निर्वाचन क्षेत्रों में से तीन रिक्त सीट के लिए मतदान किया। टोरंटो में, लिबरल पार्टी उम्मीदवार डेनियल मार्टिन ने यूनिवर्सिटी रोजडेल जिले से चुनाव जीता और लिबरल पार्टी उम्मीदवार डॉली बेगम ने स्कारबोरो साउथवेस्ट जिले से जीत हासिल की। क्यूबेक जिले के परिणाम बाद में आने की उम्मीद है।
सोमवार के नतीजों के बाद लिबरल पार्टी 2029 तक सत्ता में बनी रह सकती है।
कार्नी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विलय की धमकियों के कारण जनता में उपजे गुस्से के बीच पिछले साल कनाडा में जीत हासिल की थी।
तब से, मुख्य विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के चार सदस्यों सहित विपक्षी दलों से पांच सदस्यों ने दल-बदल किया है और इन घटनाक्रम ने कार्नी की लिबरल पार्टी को बहुमत के कगार पर पहुंचा दिया।
कार्नी ने सोशल मीडिया पोस्ट में मार्टिन और बेगम को बधाई दी, लेकिन बहुमत हासिल करने पर कोई टिप्पणी नहीं की।
मार्टिन ने कहा, “आज रात, मार्क कार्नी और हमारी पूरी शानदार लिबरल टीम ने एक बेहतर कनाडा के निर्माण को जारी रखने के लिए और भी मजबूत जनादेश प्राप्त कर लिया है।’’