शी चिनफिंग ने पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के सभी देशों की संप्रभुता के सम्मान का आह्वान किया

0
sdewqswq22

बीजिंग, 14 अप्रैल (भाषा) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के देशों की संप्रभुता, सुरक्षा एवं क्षेत्रीय अखंडता का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए।

शी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात के दौरान कहा कि सभी देशों के कर्मियों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों की सुरक्षा प्रभावी तरीके से सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के लिए साझा, व्यापक, सहयोगात्मक और टिकाऊ सुरक्षा ढांचे के निर्माण की भी वकालत की।

शी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के शासन का प्राधिकार बरकरार रखा जाना चाहिए, ताकि दुनिया फिर से जंगलराज की स्थिति में न लौटे।

उन्होंने कहा कि विकास और सुरक्षा के बीच समन्वय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के देशों के विकास के लिए अनुकूल माहौल बनाने के मकसद से सभी पक्षों को मिलकर काम करना चाहिए।

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध पर यह शी की पहली टिप्पणी है। इस युद्ध का असर यूएई समेत खाड़ी के कई देशों पर भी पड़ा है।

यूएई के युवराज अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद चीन का दौरा करने वाले पश्चिम एशिया के पहले नेता हैं।

ईरान पर अमेरिका के हमलों की चीन आलोचना करता रहा है और शत्रुता समाप्त करने की अपील करता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *