नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) बिजली क्षेत्र की कंपनी पीटीसी इंडिया ने बुधवार को कहा कि उसने मनोज कुमार झावर का पदनाम ‘चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक’ (सीएमडी) से बदलकर ‘प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी’ (एमडी एवं सीईओ) कर दिया है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने 14 फरवरी को इस बदलाव को मंजूरी दी थी, जिसे 20 मार्च को डाक मतपत्र के माध्यम से शेयरधारकों की स्वीकृति भी मिल गई। इसके बाद 13 अप्रैल, 2026 से पदनाम में यह परिवर्तन प्रभावी हो गया और झावर ने चेयरमैन का पद छोड़ दिया।
पीटीसी इंडिया ने कहा कि झावर अब अपने मौजूदा कार्यकाल की शेष अवधि के लिए कंपनी के एमडी एवं सीईओ के रूप में काम करेंगे। उनकी नियुक्ति की शर्तें और पारिश्रमिक पहले जैसे ही रहेंगे, केवल पदनाम में बदलाव किया गया है।
झावर को 13 मई, 2025 से कंपनी का सीएमडी नियुक्त किया गया था और उनका कार्यकाल 19 अगस्त, 2028 तक है।