नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण कानून) संशोधनों के समर्थन में बुधवार को कनॉट प्लेस में ‘महिला बाइक रैली’ निकाली और मानव श्रृंखला बनाई।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि देश भर में महिलाएं नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक से अवगत हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा राजग सरकार को धन्यवाद दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को उनका वाजिब प्रतिनिधित्व दिलाने की दिशा में एक स्वागत योग्य कदम है।
संसद के बजट सत्र का विस्तार कर 16 से 18 अप्रैल तक तीन दिवसीय विशेष बैठक होनी है, जिस दौरान यह संशोधन विधेयक लाया जाएगा।