गुड फ्राइडे : नगालैंड के गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन

कोहिमा,देश के ईसाई बहुल राज्य नगालैंड में शुक्रवार को गुड फ्राइडे के मौके पर गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं और विशेष धार्मिक जुलूस भी निकाले गए।

मानव जाति की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले ईसा मसीह को धन्यवाद देने तथा पापों की क्षमा हेतु राज्य के गिरजाघरों में विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की गईं।

राजधानी कोहिमा में विभिन्न कैथोलिक गिरजाघरों की मंडली ने भक्ति गीत गाते और जाप करते हुए विभिन्न स्थानों से अपने-अपने गिरजाघरों तक जुलूस निकाले।

नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने कहा, ‘‘ गुड फ्राइडे के दिन, हम भगवान ईसा मसीह के सर्वोच्च बलिदान और हमारे प्रति उनके असीम प्रेम को याद करते हैं। इस दिन प्रकाश ने अंधकार और अच्छाई ने पाप पर विजय प्राप्त की। कामना करता हूं कि यह दिन हमारे जीवन में नए अर्थ और सकारात्मक बदलाव लेकर आए? मैं सभी ईसाइयों को गुड फ्राइडे की शुभकामनाएं देता हूं। ’’

इस अवसर पर ईसाई धर्म के अनुयायी तीन दिन से लेकर 40 दिनों तक उपवास रखते हैं जो ‘ईस्टर संडे’ के उत्सव के साथ समाप्त होता है।