कंगना रनौत ने मंडी में रोडशो के साथ चुनाव प्रचार की शुरुआत की

शिमला,  अभिनेत्री कंगना रनौत ने शुक्रवार को मंडी संसदीय क्षेत्र में एक रोडशो के साथ अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुख्य एजेंडा विकास है।

मंडी के भांबला कस्बे में जन्मीं और चार बार की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अदाकारा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। ‘‘जय श्री राम’’ के उद्घोष के बीच, भाजपा कार्यकर्ताओं ने रनौत पर फूलों की वर्षा और ढोलों की थाप पर नृत्य कर उनका स्वागत किया।

रनौत ने अपने गृह नगर में रोड शो की शुरुआत ‘‘मोदी जी को जय श्री राम’’ नारा लगाने के साथ की। उन्होंने इसी तरह के नारे लगाकर अन्य भाजपा नेताओं की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘विकास भाजपा का मुख्य एजेंडा है और हम प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में चुनाव जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’’ रनौत ने कहा, ‘‘मंडी के लोग बताएंगे कि उनके दिल में क्या है।’’

भाजपा द्वारा 24 मार्च को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा के बाद अपने निर्वाचन क्षेत्र में रनौत की यह पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी।

अक्टूबर 2022 में रनौत ने कहा था कि अगर भाजपा उन्हें टिकट की पेशकश करती है तो वह मंडी से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

वर्ष 2014 के बाद से ‘‘देश में बदलाव’’ लाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देते हुए रनौत ने कहा कि हर भारतीय में गर्व और राष्ट्रवाद की भावना पैदा हुई है।

वर्तमान में, मंडी लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह कर रही हैं। प्रतिभा सिंह ने 2021 में मंडी सीट पर उपचुनाव में जीत हासिल की।

सिंह ने पूर्व में कहा था कि वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी क्योंकि स्थिति ‘‘अनुकूल नहीं’’ है और कार्यकर्ता निराश हैं। लेकिन रनौत के नाम की घोषणा के बाद सिंह ने चुनाव में उनकी उम्मीदवारी का फैसला कांग्रेस आलाकमान पर छोड़ दिया है।

हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों शिमला, मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा में अंतिम चरण में एक जून को चुनाव होगा। एक जून को राज्य की छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे।

भाजपा ने लोकसभा की चार और विधानसभा की छह सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, वहीं कांग्रेस ने अभी अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।