कांग्रेस ने वाई एस शर्मिला को पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया

नयी दिल्ली, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने मंगलवार को पिछले दिनों कांग्रेस में शामिल हुईं वाई. एस. शर्मिला को पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।

पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह घोषणा की गई।

शर्मिला आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष जी रूद्र राजू की जगह लेंगी। राजू ने सोमवार को दिल्ली में पार्टी आलाकमान को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

शर्मिला ने हाल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उपस्थिति में दिल्ली में अपनी वाईएसआर तेलंगाना पार्टी (वाईएसआरटीपी) का कांग्रेस में विलय कर दिया था। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश की राजनीति में वह कांग्रेस की प्रमुख नेता के रूप में उभरी हैं।

शर्मिला आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी की बेटी और वर्तमान मुख्यमंत्री वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी की बहन हैं।

राज्य में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा के चुनाव होने हैं।