केरल: माकपा ने विजयन की विदेश यात्रा की तुलना भगवान के आराम करने से की

0

तिरुवनंतपुरम,  केरल में सत्तारूढ़ माकपा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की विदेश यात्रा की तुलना बाइबिल की एक कथा के आधार पर, छह दिन में ब्रह्मांड का निर्माण करने के बाद भगवान द्वारा विश्राम करने से की।

विजयन और उनके परिवार के लगभग तीन सप्ताह लंबे विदेश दौरे से जुड़े विवादों पर प्रतिक्रिया देते हुए माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य एके बालन ने कहा कि मुख्यमंत्री अंतरिक्ष में नहीं गए हैं। वह केवल इंडोनेशिया में आराम करने गए हैं। उनके अनुसार यह जगह अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पिगमेलियन पॉइंट (इंदिरा पॉइंट) से केवल 60 किलोमीटर दूर है।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक और संगठनात्मक गतिविधियों की वजह से हुए तनाव के बाद विजयन आराम करने के लिए विदेश गए हैं।

बालन ने संवाददाताओं से कहा, “वह आराम करने गए हैं तो इससे आपको क्या परेशानी है? वो उसी जगह गए हैं जो उनके हिसाब से पास है। इस बारे में फैलाई जा रही हर बात एक अफवाह है।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नव केरल सदा कार्यक्रम चलाया, 30 दिनों तक राज्य भर में यात्रा की और बाद में एक महीने तक प्रतिदिन कम से कम चार घंटे चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा, “यहां तक कि भगवान ने भी छह दिन में ब्रह्मांड की रचना करने के बाद एक दिन आराम किया था। और वह दिन इतवार है। क्या आप कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री इतना भी नहीं कर सकते?”

बालन ने यह बात बाइबिल का जिक्र करते हुए कही जहां एक जगह लिखा है कि छह दिनों में ब्रह्मांड का निर्माण करने के बाद भगवान ने सातवें दिन विश्राम किया।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री अंतरिक्ष में नहीं गए हैं।

नेशनल मैरीटाइम फाउंडेशन के मुताबिक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इंदिरा प्वाइंट और इंडोनेशिया में बांदा आचे के बीच की दूरी सिर्फ 80 समुद्री मील है।

विजयन और उनके परिवार की विदेश यात्रा को फिजूलखर्ची बताने के केपीसीसी प्रमुख के सुधाकरन के कथित आरोपों के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए बालन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद स्पष्ट किया है कि यह एक निजी यात्रा है।

माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने बुधवार को कहा था कि पार्टी और केंद्र सरकार से अपेक्षित पूर्वानुमति लेकर मुख्यमंत्री अपने निजी खर्चे पर विदेश यात्रा पर गए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *