निफा ग्रुप 20 राज्यों और 10 देशों में कृषि उपकरण कारोबार का विस्तार करेगी

0
dfrwsq

कोलकाता, 19 अप्रैल (भाषा) कोलकाता की कंपनी निफा ग्रुप ने अपने कृषि उपकरण कारोबार के विस्तार के लिए ‘वनहॉर्न’ नाम से नया ब्रांड शुरू किया है।

कंपनी का लक्ष्य भारत के 20 राज्यों के साथ-साथ अमेरिका और यूरोप सहित 10 देशों में अपना कारोबार बढ़ाना है।

कंपनी के चेयरमैन महेश चंद्र शाह ने कहा कि भारत का कृषि क्षेत्र एक ऐसे मोड़ पर है जहां मशीनों का उपयोग और उद्यमिता दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि यह नया ब्रांड सहयोगियों को मजबूत और लाभकारी व्यवसाय बनाने में मदद करेगा।

निफा ग्रुप ने वर्ष 1988 में कलपुर्जों की आपूर्ति से शुरुआत की थी और धीरे-धीरे कलपुर्जों से मशीन निर्माण तक पहुंची।

कंपनी का कहना है कि ‘वनहॉर्न’ पूर्वी भारत का पहला ऐसा ब्रांड है जो देश में बने विभिन्न प्रकार के कृषि उपकरण उपलब्ध कराता है।

कंपनी के अनुसार, यह ब्रांड अपने सहयोगियों को बेहतर उत्पाद, प्रणाली और सहयोग प्रदान करेगा, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपना कारोबार बढ़ा सकें।

निफा ग्रुप के प्रबंध निदेशक राकेश शाह ने बताया कि कंपनी के कुल कारोबार में कृषि उपकरणों का हिस्सा लगभग 10 प्रतिशत है और इस क्षेत्र से सालाना करीब 60 करोड़ रुपये की बिक्री होती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आंकड़ा जल्द ही 100 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।

उन्होंने बताया कि कंपनी ने पिछले आठ-नौ साल में इस क्षेत्र में करीब 60 करोड़ रुपये का निवेश किया है और हर साल निवेश जारी है। फिलहाल कंपनी पर कोई ऋण नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *