चंडीगढ़, 19 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के पारित नहीं हो पाने के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगियों की रविवार को कड़ी आलोचना की।
सैनी ने रोहतक में पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और अन्य विपक्षी दलों का असली चेहरा देश की जनता के सामने बेनकाब हो गया है। उन्होंने इन दलों पर महिलाओं को उनके अधिकार नहीं मिलने देने और उनके सशक्तीकरण के खिलाफ होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने का यह एक ऐतिहासिक अवसर था, लेकिन कांग्रेस और उसके ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों ने इस अवसर का इस्तेमाल अपनी संकीर्ण राजनीति के लिए किया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का ‘महिला-विरोधी’ चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने कहा, “परिसीमन के नाम पर विपक्ष ने झूठ और भ्रम फैलाने की कोशिश की है।”
सैनी ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना था और उनकी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में महिला सशक्तीकरण की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
सैनी ने पूछा, “मैं कांग्रेस और राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि जिस पार्टी ने 55 वर्षों तक देश पर शासन किया, वह बताए कि उसने महिला सशक्तीकरण के लिए क्या कदम उठाए?”
उन्होंने कहा, “विपक्ष का असली चेहरा अब देश की हर महिला के सामने है। वे सिर्फ सत्ता की राजनीति से प्रेरित हैं और उन्हें महिलाओं के अधिकारों की कोई परवाह नहीं है।”
सैनी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने न केवल विधेयक का विरोध किया है, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान को भी ठेस पहुंचाई है, जिसे देश की महिलाएं कभी माफ नहीं करेंगी।