छत्रपति संभाजीनगर, 19 अप्रैल (भाषा) भूटान के गृह मंत्री ल्योंपो शेरिंग ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित अजंता गुफा परिसर का दौरा किया और आगंतुक पुस्तिका में लिखी टिप्पणी में अपने अनुभव को ‘अद्भुत’ बताया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शेरिंग शनिवार को विश्व धरोहर दिवस के मौके पर अजंता की गुफाओं को देखने पहुंचे और प्राचीन भारतीय कला की सबसे प्रतिष्ठित और प्रसिद्ध कृतियों में से एक पद्मपानी बोधिसत्व की भित्तिचित्रों को देख बहुत प्रभावित हुए और काफी समय वहां बिताया।
भूटान के गृहमंत्री को परिसर का दौरा कराने वाले गाइड राहुल निकम ने ‘पीटीआई-भाषा’को बताया, ‘‘वह पूर्वाह्न 11 बजे अजंता गुफा परिसर पहुंचे। उन्होंने गुफा संख्या 1, 2, 5, 9, 10, 12, 17 और 26 का दौरा किया। मंत्री ने गुफा संख्या 1 में पद्मपानी के भित्तिचित्रों को देखने में सबसे अधिक समय बिताया।’’
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारी मनोज पवार ने बताया कि भूटान के मंत्री ने अपनी यात्रा का वर्णन करते हुए आगंतुक पुस्तिका में ‘अद्भुत’ लिखा।
एएसआई द्वारा प्रबंधित आगंतुक पुस्तिका में मंत्री ने लिखा, ‘‘यूनेस्को धरोहर स्थल का दौरा शानदार रहा, वहां के सहयोगी कर्मचारियों ने पूरे समय हमारा मार्गदर्शन किया।’’