मोदी सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों से पूरा हो रहा है आंबेडकर का दृष्टिकोण : पंकज चौधरी

0
swqqswaw444

सहारनपुर (उप्र), 14 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों से सामाजिक समरसता तथा गरीबों के कल्याण का डॉ भीमराव आंबेडकर का सपना साकार हो रहा है।

चौधरी ने आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सहारनपुर में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान और आंबेडकर द्वारा दिखाया गया मार्ग सरकार का निरंतर मार्गदर्शन करता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के तहत गरीबों की जरूरतों को पूरा करने के लिए कार्य कर रही है।

यह सभा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मंगलवार को दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे को राष्ट्र को समर्पित किए जाने के अवसर पर आयोजित की गई थी। इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच संपर्क को मजबूत करना है।

चौधरी ने इस आर्थिक गलियारे को सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए ‘वरदान’ बताते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड और दिल्ली के बीच संपर्क बढ़ेगा और विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बिना नाम लिए विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आंबेडकर को सम्मान देने के उनके दावों के बावजूद, बाबा साहब के निधन के कई दशकों बाद तक उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित नहीं किया गया।

चौधरी ने कहा कि भाजपा ने यह सुनिश्चित किया है कि आंबेडकर को उचित सम्मान और पहचान मिले तथा सरकार उनके आदर्शों के अनुरूप गरीबों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पहले से ही देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क का बड़ा हिस्सा मौजूद है तथा नए आर्थिक गलियारे के जुड़ने से राज्य के विकास को और गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *