तेजस्वी प्रकाश: सादगी, क्यूटनेस और मासूमियत का संगम

012fecee3bac388bf27b13648cfe500a_original

कलर्स टीवी के टेलीविजन रियलिटी शो ‘बिग बॉस 15’ (2021-2022) को जीतने के बाद से लगभग 3 साल बाद भी एक्‍ट्रेस तेजस्वी प्रकाश सुर्खियों में बनी हुई हैं।

इस रियलिटी शो में उनका एक अलग ही रूप नजर आया था। उनकी रणनीति सबसे हट कर थी। इसके बाद उनकी किस्‍मत खूब चमक उठी थी।    

कॉलेज में पढ़ाई के दौरान जब ब्यूटी कॉन्टेस्ट में भाग लेना शुरू किया, तब उन्हें  मुंबई फ्रेश फेस कॉन्टेस्ट का विजेता चुना गया और उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छा गईं। इसके बाद उनकी लाइफ पूरी तरह से बदल गई।

इसके बाद तेजस्वी ने लाइफ ओके पर प्रसारित छोटे पर्दे के सस्पेंस-थ्रिलर धारावाहिक ‘2612’ (2012-2013) से छोटे पर्दे पर कदम रखा। इसमें उन्‍होंने रश्मि भार्गव का किरदार निभाया था।

उन्होंने कलर्स टीवी के सोप ओपेरा ’संस्कारः धरोहर अपनों की’ (2013-2014) में धारा वैष्णव का किरदार निभाया। ’सवरगिनीः जोड़ें रिश्तों के सुर’ (2015-2016) में नमिश तनेजा के साथ रागिनी माहेश्वरी के किरदार में पहली बार तेजस्वी को पहचाना गया।  

इस किरदार के लिए उन्हें इंडियन टेली अवार्ड्स और गोल्डन पेटल अवार्ड्स के लिए नामांकित भी किया गया। उसके बाद उन्होंने कभी भी मुड़कर नहीं देखा।

‘पहरेदार पिया की’ (2017) में दिया सिंह के तौर पर एक 9 साल के बच्चे की मां और पत्नी का किरदार निभाने को लेकर तेजस्‍वी को काफी ट्रोल किया गया था लेकिन इसकी परवाह न करते हुए वह ‘कर्ण संगिनी’ (2018-2019)  में उर्वी और ‘सिलसिला बदलते रिश्तों का सीजन 2’ (2019) में मिष्‍ठी मल्‍होत्रा के किरदारों के जरिए लगातार आगे बढती गईं।  

उन्होंने रियलिटी शो ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 10’ (2020) में भी भाग लिया। इस रियलिटी शो में सबसे मजबूत दावेदारों में से एक होने के बावजूद उन्हें आँख में गंभीर चोट लगने के बाद शो बीच में ही छोड़ना पड़ा जिसके कारण का शो की विनर बनने के बजाए छठवें  स्‍थान से संतुष्‍ट होना पड़़ा ।

’कलर्स’ पर प्रसारित एकता कपूर की लोकप्रिय थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘नागिन 6’ (2022-2023) में प्रथा गुजराल के किरदार से तेजस्‍वी ने खूब पॉपुलैरिटी बटोरी थी।

लगभग 50 टेलीविजन धारावाहिक और रियलिटी शो में मुख्य भूमिकाओं के साथ साथ स्पेशल अपीयरेंस  कर चुकी तेजस्‍वी प्रकाश अब तक के करियर में कई पॉपुलर हिट शोज में काम कर चुकी हैं।

उनका नाम आज छोटे पर्दे की सबसे महंगी और कामयाब अभिनेत्रियों में शुमार किया जाता है।  वह दो वेब शो, दो मराठी फिल्‍में और लगभग एक दर्जन से अधिक म्‍यूजिक वीडियोज भी कर चुकी हैं।

फैंस को उनकी सादगी खूब भाती है। उनकी क्यूटनेस और मासूमियत के लाखों फैंस हैं।  

तेजस्‍वी प्रकाश ने भारतीय टेलीविजन में अपने काम के लिए साल 2022 में ‘ईस्टर्न आई’ व्‍दारा दुनिया की शीर्ष 50 एशियाई हस्तियों की यूके सूची में 8वां और 2023 में 12वां स्थान हासिल किया। वह टाइम्स नाउ ‘लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेत्रियों’ की सूची में भी चौथे स्थान पर रह चुकी हैं।