कांग्रेस नेताओं का बागी विधायकों पर निशाना साधना जनादेश का अपमान: राणा

0

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के पूर्व विधायक राजिंदर राणा ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस के जो लोग छह पूर्व विधायकों पर निशाना साध रहे हैं, वे वास्तव में लोगों के जनादेश का अपमान कर रहे हैं।

राणा विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हैं। सुजानपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ रहे राणा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में कई जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने जनता से वोट हासिल करने के लिए राज्य के चुनाव में झूठे वादे किए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में उन्होंने झूठी गारंटियों के नाम पर लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाकर उनके विश्वास को तोड़ा।

राणा ने कहा कि यदि कांग्रेस नेता गारंटियों के प्रति गंभीर होते तो लोगों को ‘‘मूर्ख’’ बनाने के बजाय उन्हें जल्दी पूरा करते। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने राज्य की भोली-भाली जनता को ‘‘धोखा’’ दिया।

उन्होंने पूछा कि जब कांग्रेस के छह विधायकों की सदस्यता ‘‘तानाशाही’’ ढंग से समाप्त कर दी गई, तो कांग्रेस के इन नेताओं ने मुख्यमंत्री को ऐसी कार्रवाई न करने की सलाह क्यों नहीं दी।

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इस बात से भलीभांति परिचित है कि सत्ता में आने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर पिछली भाजपा सरकार द्वारा खोले गए 900 से अधिक संस्थानों को बंद कर दिया।

राणा ने आरोप लगाया कि ‘‘मुख्यमंत्री के मित्रों’’ के एक या दो निर्वाचन क्षेत्रों को छोड़कर, कांग्रेस सरकार ने राज्य में विकास कार्यों की पूरी तरह से अनदेखी की है।

उन्होंने कहा कि लोग इन चुनावों में कांग्रेस को आईना दिखाने के लिए तैयार हैं और कांग्रेस पार्टी का सफाया होना तय है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *