हुबली (कर्नाटक), 23 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के कप्तान देवदत्त पडिक्कल को भरोसा है कि जम्मू कश्मीर के खिलाफ मंगलवार से यहां शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी फाइनल में उनके बल्लेबाज अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखेंगे।
देवदत्त के अलावा कर्नाटक की तरफ से केएल राहुल, करुण नायर और आर स्मरण ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे उनकी टीम फाइनल में पहुंचने में सफल रही।
देवदत्त ने सोमवार को यहां रणजी ट्रॉफी फाइनल की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘एक टीम के रूप में हम सभी इस फाइनल मैच के लिए तैयार हैं। हमारी टीम को बड़े मैचों में खेलने का अनुभव है और उसके पास अच्छा कौशल है। इसलिए उम्मीद है कि हमारा अनुभव हमारे लिए काफी उपयोगी साबित होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम में केएल राहुल, मयंक, करुण जैसे अन्य अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज भी हैं। ये सभी अनुभवी हैं और वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।’’
कर्नाटक के बल्लेबाजों ने उत्तराखंड के खिलाफ लखनऊ में खेले गए सेमीफाइनल में दो पारियों में 1000 से अधिक रन बनाकर अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया था। देवदत्त ने कहा कि उनकी टीम को उस प्रदर्शन से आत्मविश्वास मिला है।
उन्होंने कहा, ‘‘एक मैच में 1000 से अधिक रन बनाना हर किसी के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली बात है। इस तरह के शानदार प्रदर्शन से केवल बल्लेबाजों का ही नहीं बल्कि गेंदबाजों का भी आत्मविश्वास बढ़ता है क्योंकि उन्हें लगता है कि उनका बल्लेबाजी क्रम अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम है।’’
दूसरी तरफ जम्मू कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने कहा कि भले ही उनके पास नामी बल्लेबाज नहीं हैं लेकिन उन्हें अपने खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है कि वह बंगाल के खिलाफ सेमीफाइनल में किए गए प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहेंगे।
डोगरा ने कहा, ‘‘‘हम हमेशा चीजों को बहुत सरल रखते हैं। हम किसी तरह से पेचीदा खेल नहीं खेलते। फाइनल से पहले हमने कल्याणी (बंगाल के खिलाफ) और इंदौर (मध्य प्रदेश के खिलाफ) में भी इसी तरह का खेल खेला और वहां हमने जीत हासिल की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब हम बड़ी टीमों को उनके घरेलू मैदान पर हराते हैं तो आत्मविश्वास बढ़ता है। हम ने दिखा दिया कि हम ऐसा करने में सक्षम है और हम एक दूसरे की सफलता का पूरा आनंद ले रहे हैं। उम्मीद है कि फाइनल में भी हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’’
डोगरा ने कहा, ‘‘हमारी टीम भले ही पहली बार फाइनल खेल रही हो लेकिन हमारे खिलाड़ी इसका पूरा आनंद ले रहे हैं। वे तनावमुक्त हैं। जाहिर है, यह बहुत बड़ा मैच है। इसलिए हम बस शांत और संयमित रहने की कोशिश कर रहे हैं।’’