अन्नाद्रमुक के नेतृत्व ने भाजपा के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है: राहुल गांधी

0
de3wdews

कन्याकुमारी (तमिलनाडु), 20 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि अन्नाद्रमुक का नेतृत्व “भ्रष्टाचार” के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सामने “समर्पण” कर चुका है।

गांधी ने कहा कि द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (द्रमुक), कांग्रेस और उनके सहयोगी दल तमिल भाषा, संस्कृति और इतिहास की रक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “वे (आरएसएस) भी जानते हैं कि तमिल उन्हें चुनौती दे सकते हैं।”

गांधी ने संघीय सिद्धांतों पर जोर देते हुए कहा कि हर राज्य की अपनी आवाज और प्रतिनिधित्व होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “जनता को अपने राज्य को खुद चलाना चाहिए, लेकिन भाजपा ऐसा नहीं सोचती… वह ‘एक परंपरा, एक भाषा और एक इतिहास’ में विश्वास करती है।”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने कहा कि तमिलनाडु पर यहां की जनता का शासन होना चाहिए।

उन्होंने भाजपा पर राज्यों को “कमजोर करने की कोशिश” करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “भाजपा संविधान का पालन नहीं करती… वह राज्यों को कमजोर करना चाहती है।”

मणिपुर में हुए संघर्ष का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “देखिए उन्होंने शांतिपूर्ण राज्य मणिपुर के साथ क्या किया। उसे आग में झोंक दिया गया, सैकड़ों लोग मारे गए और अब भी वहां संघर्ष जारी है।”

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों पर संसद में हुई चर्चा का जिक्र करते हुए गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा का वास्तविक उद्देश्य देश की चुनावी संरचना को बदलना था।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए केवल यही कहा जा सकता है कि यह राष्ट्रविरोधी कदम था।’’

गांधी ने कहा, ‘‘इसीलिए हमने संसद में उस विधेयक को खारिज किया और हम किसी भी ऐसे विधेयक का विरोध जारी रखेंगे, जो देश में किसी के प्रतिनिधित्व को कम करने की कोशिश करेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *