डाक विभाग का राजस्व 2025-26 में 16 प्रतिशत बढ़कर 15,296 करोड़ रुपये पर

0
aswewdsz

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) डाक विभाग ने वित्त वर्ष 2025-26 में 15,296 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो एक साल पहले की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सिंधिया ने डाक विभाग की वार्षिक कारोबारी बैठक के बाद यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि विभाग के लिए यह वर्ष ‘ऐतिहासिक’ रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 में विभाग का राजस्व 13,218 करोड़ रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 15,296 करोड़ रुपये हो गया।

उन्होंने कहा कि सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, नए ग्राहकों को जोड़ने और ग्राहकों के साथ ‘सिक्स सिग्मा’ स्तर के सेवा समझौतों को लागू करने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे अगले वित्त वर्ष में और अधिक वृद्धि हासिल करने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा, “यह विभाग के लिए एक ऐतिहासिक वर्ष रहा है। हमने इस साल तीन नए उत्पाद भी पेश किए। अब हमारा ध्यान सेवाओं के विस्तार, नए ग्राहकों के अधिग्रहण और सख्त ‘सिक्स सिग्मा’ सेवा मानकों के अनुरूप प्रदर्शन पर है, ताकि नए वित्त वर्ष में और भी बेहतर वृद्धि दर्ज की जा सके।”

संचार मंत्री ने कहा कि डाक विभाग ने लंबे समय बाद 15 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर हासिल की है और इस रफ्तार को आगे भी कायम रखने का प्रयास किया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *