कांग्रेस-सपा समेत विपक्ष का कृत्‍य द्रौपदी के चीरहरण जैसा: योगी आदित्यनाथ

0
swwww

लखनऊ, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संसद में नारी शक्ति संशोधन विधेयक पारित न होने को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेतृत्‍व वाले ‘इंडी’ गठबंधन, समाजवादी पार्टी (सपा) और तृणमूल कांग्रेस समेत उनके सहयोगी दलों ने जो कृत्‍य किया वह भरी सभा में द्रौपदी के चीरहरण की तरह था।

लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों, केन्‍द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष व केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी समेत वरिष्‍ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित पत्रकार वार्ता में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ संशोधन विधेयक पारित न हो पाने को लेकर आदित्‍यनाथ ने विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस के नेतृत्‍व वाले ‘इंडी’ (इंडिया) गठबंधन, समाजवादी पार्टी (सपा) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) समेत उनके सहयोगी दलों ने जो कृत्‍य किया वह भरी सभा में द्रौपदी के चीरहरण की तरह था। आधी आबादी के मन में विपक्ष के इस नारी विरोधी आचरण को लेकर भारी आक्रोश है और इनके कृत्‍य के लिए कभी माफ नहीं करेगी।’’

आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पूरी ताकत के साथ देश और प्रदेश की आधी आबादी के साथ खड़ा है।

आदित्यनाथ ने कहा कि 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ लेकिन जब महिला संगठनों, सामाजिक संगठनों ने कहा कि यह अधिनियम 2024 की बजाय 2029 में लागू हो तो उनकी मांग को देखते हुए प्रधानमंत्री जी ने सभी पक्षों से विचार विमर्श करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 में संशोधन करने के लिए प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों ने मांग उठाई थी कि इस माध्यम से उनके हक को कम ना कर दिया जाए, तो प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया था कि किसी का हक नहीं मारा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *