संयुक्त राष्ट्र, 14 अप्रैल (भाषा) संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने ईरान और अमेरिका के बीच रचनात्मक बातचीत जारी रखने के आह्वान के साथ ही इस बात पर जोर भी दिया है कि पश्चिम एशिया संघर्ष पर दोनों देशों के बीच हुई बातचीत बिना किसी समझौते के समाप्त होने के बाद भी युद्धविराम को ‘‘हर हाल में बरकरार रखा जाना चाहिए।’’
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के नेतृत्व में अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में शनिवार को 21 घंटे तक बातचीत हुई हालांकि इसमें युद्ध समाप्त करने को लेकर कोई समझौता नहीं हो सका।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस के प्रवक्ता द्वारा सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘हालांकि पाकिस्तान द्वारा इस्लामाबाद में आयोजित वार्ता में अमेरिका और ईरान के बीच कोई समझौता नहीं हुआ, लेकिन चर्चाओं ने स्वयं उनकी प्रतिबद्धता की गंभीरता को रेखांकित किया और नए सिरे से संवाद की दिशा में एक सकारात्मक और सार्थक कदम उठाया गया।’’
वेंस ने इस्लामाबाद में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था, ‘‘उन्होंने हमारी शर्तें स्वीकार नहीं की हैं….हम देखेंगे कि हमारे प्रस्ताव को ईरानी स्वीकार करते हैं या नहीं।’’
गुतारेस ने कहा कि गहरे मतभेदों को देखते हुए ‘‘रातोंरात समझौता नहीं हो सकता’’ और उन्होंने समझौते तक पहुंचने के लिए रचनात्मक रूप से बातचीत जारी रखने का आह्वान किया।
गुतारेस ने कहा “साथ ही, युद्धविराम को पूरी तरह से बरकरार रखा जाना चाहिए। सभी प्रकार के उल्लंघन बंद होने चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि हफ्तों की तबाही और संकट के बाद यह स्पष्ट है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का कोई सैन्य समाधान नहीं है।
पिछले हफ्ते, अमेरिका और ईरान ने दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा की थी।