आईएमएफ से अगली किस्त की जल्द मंजूरी चाहता है पाकिस्तान: वित्त मंत्री

0
ser4e333

इस्लामाबाद, 18 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने कहा कि देश अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से अगली किस्त की जल्द मंजूरी चाहता है। उन्होंने बताया कि आईएमएफ की एक टीम आगामी समीक्षा के लिए अगले महीने पाकिस्तान का दौरा करेगी।

विश्व बैंक–आईएमएफ की वसंतकालीन बैठकों में भाग लेने के लिए वाशिंगटन में मौजूद औरंगजेब लगभग 1.2 अरब डॉलर की मंजूरी का जिक्र कर रहे थे। इसमें 37 महीने की विस्तारित निधि सुविधा (ईएफएफ) के तहत एक अरब डॉलर और 28 महीने की लचीलापन एवं स्थिरता सुविधा (आरएसएफ) के तहत 20 करोड़ डॉलर शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में हुए समझौते के तहत अर्थव्यवस्था की दूसरी समीक्षा पूरी होने पर पिछले साल कर्मचारी-स्तर का समझौता (एसएलए) किया गया था।

डॉन अखबार की खबर के अनुसार, वाशिंगटन स्थित पाकिस्तानी दूतावास में संवाददाता सम्मेलन के बाद शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में औरंगजेब ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य का फिर से खुलना बहुत सकारात्मक घटनाक्रम है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति पर दबाव कम होगा।

उन्होंने कहा कि यदि संघर्ष जारी रहता, तो इसका असर आर्थिक वृद्धि से लेकर मुद्रास्फीति तक हर क्षेत्र पर पड़ता।

औरंगजेब ने बताया कि उन्होंने आईएमएफ अधिकारियों के साथ ईरान से जुड़े हालात के अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पर चर्चा की है, लेकिन उनका मुख्य ध्यान अगली किस्त की जल्द मंजूरी पर है।

उन्होंने यह भी कहा कि आईएमएफ के साथ ईरान संकट के संभावित प्रभावों पर बातचीत हुई है और आईएमएफ ने वैश्विक आर्थिक झटकों से प्रभावित देशों की मदद के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *