चरणबद्ध तरीके से लागू करेंगे शराबबंदी : अंबुमणि

0
sdfrwesa

चेन्नई, 21 अप्रैल (भाषा) पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के नेता अंबुमणि रामदास ने मंगलवार को दावा किया कि उनकी पार्टी एवं अन्नाद्रमुक (ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम) ने 23 अप्रैल के विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने पर तमिलनाडु में चरणबद्ध तरीके से शराबबंदी लागू करने और तीन महीने के भीतर मादक पदार्थों का पूरी तरह उन्मूलन करने की रचनात्मक योजनाएं तैयार की हैं।

अंबुमणि ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि तमिलनाडु में महिलाएं एवं बच्चे कहीं भी और किसी भी समय स्वतंत्र रूप से आ-जा सकें।’’

उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक एवं पीएमके समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों ने किसानों का जीवन बेहतर बनाने, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों को मजबूत करने तथा शिक्षित युवाओं के लिए सरकारी और निजी, दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की योजनाएं तैयार की हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि इन पहलों को लागू किया गया तो तमिलनाडु एक विकसित राज्य में बदल जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु में सामाजिक न्याय को बनाए रखने के लिए जाति आधारित जनगणना समेत विभिन्न कदम उठाए जाएंगे।’’

अंबुमणि ने कहा कि तमिलनाडु में शिक्षकों, पुलिस कर्मियों, परिवहन कर्मियों, मध्याह्न भोजन योजना कर्मियों, अंशकालिक शिक्षकों, अतिथि व्याख्याताओं, अस्थायी सरकारी कर्मचारियों, उचित मूल्य की दुकानों के कर्मचारियों, चीनी मिल कर्मियों, ग्राम सहायकों और पंचायत सचिवों समेत सरकारी कर्मचारियों की सभी वैध मांगें पूरी करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में चुनाव को हमेशा एक बड़े उत्सव के रूप में देखा जाता है लेकिन ‘‘यह चुनाव न्याय और अन्याय के बीच की लड़ाई’’ के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *