श्रवण कुमार जदयू विधायक दल के नेता चुने गए

0
sdeewew

पटना, 21 अप्रैल (भाषा) श्रवण कुमार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। उनके नाम की औपचारिक सूचना पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा द्वारा विधानसभा को भेजी गई थी। विधानसभा सचिवालय ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी।

इस चयन से पहले सोमवार को जदयू विधायकों ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को अधिकृत किया था।

उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा जाने के बाद राज्य में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नयी सरकार का गठन हुआ है। इसके बाद ही जदयू विधायक दल के नये नेता के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई थी।

श्रवण कुमार को बिहार की राजनीति का अनुभवी और जमीनी नेता माना जाता है। वह नालंदा विधानसभा क्षेत्र से लगातार विधायक चुने जाते रहे हैं और लंबे समय से जदयू का प्रमुख चेहरा रहे हैं।

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जयप्रकाश नारायण (जेपी) आंदोलन से की थी और बाद में नीतीश कुमार के करीबी सहयोगियों में शामिल हो गए। राज्य सरकार में वह ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठन में भी वह मुख्य सचेतक सहित कई अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *