अभिषेक बनर्जी ने शाह को मतगणना के दिन कोलकाता में मौजूद रहने की चुनौती दी

0
sdwqw222

कोलकाता, 16 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर पश्चिम बंगाल चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मतगणना के दिन कोलकाता में मौजूद रहने की बृहस्पतिवार को चुनौती दी।

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के भगवानपुर में एक चुनावी रैली में बनर्जी ने कहा, ‘‘अगर आपमें हिम्मत है, तो मतगणना के दिन कोलकाता में मौजूद रहें, तब हम देखेंगे।’’ उन्होंने ममता बनर्जी के चौथी बार मजबूत जनादेश के साथ सत्ता में लौटने का विश्वास व्यक्त किया।

राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी।

भाजपा नेताओं से धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमें धमकियां मिल रही हैं। गृह मंत्री कह रहे हैं कि तृणमूल कार्यकर्ता अपने घरों से बाहर न निकलें वरना उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह यहां आकर बंगाल के लोगों को धमकाए।’’

चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तृणमूल में आरोप-प्रत्यारोप बढ़ने के बीच, बनर्जी ने संभावित राजनीतिक प्रतिशोध का संकेत दिया। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैंने एक सूची तैयार की है– ब्लॉक दर ब्लॉक, पंचायत दर पंचायत। सूद सहित हिसाब चुकता किया जाएगा।’’

भाजपा ने अतीत में दावा किया था कि तृणमूल शासन के दौरान उसके सैकड़ों कार्यकर्ताओं की हत्या की गई और उन्हें डराया-धमकाया गया।

बनर्जी ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। तृणमूल महासचिव ने कहा, ‘‘प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), आयकर विभाग, निर्वाचन आयोग – किसी भी चीज का इस्तेमाल करने से कुछ नहीं होगा। आप जितना हमें बदनाम करेंगे, हम उतने ही मजबूत होते जाएंगे।’’

इस मुकाबले को ‘‘दिल्ली की सत्ता’’ और ‘‘बंगाल की जनता’’ के बीच की लड़ाई बताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ दिल्ली के शक्तिशाली नेता, संस्थाएं हैं, और दूसरी तरफ बंगाल के 10 करोड़ लोग और चप्पल पहने एक महिला हैं।’’

बनर्जी ने भाजपा पर बंगालियों को ‘‘बांग्लादेशी’’ कहकर उनका अपमान करने और उनकी खान-पान की पसंद को निशाना बनाने का भी आरोप लगाया तथा मतदाताओं से वोट के माध्यम से ‘‘मुंहतोड़ जवाब’’ देने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *