राष्ट्रपति मुर्मू पांच दिवसीय हिमाचल दौरे पर शिमला पहुंचीं

0

शिमला,  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचीं।

राज्य की राजधानी में राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कल्याणी हेलीपैड पर राष्ट्रपति का स्वागत किया। यह हैलीपेड राष्ट्रपति निवास (प्रेसीडेंट रिट्रीट) के करीब है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया और कैबिनेट मंत्री धनी राम शांडिल ने राष्ट्रपति को फूलों के गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया।

अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शिमला से लगभग 14 किमी दूर मशोबरा के पास प्रेसिडेंट रिट्रीट में रुकेंगी।

अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति के शिमला में प्रवास तक प्रेसिडेंट रिट्रीट जनता के लिए बंद रहेगा। प्रेसिडेंट रिट्रीट को पिछले साल 20 अप्रैल को आम जनता के लिए खोल दिया गया था।

शिमला के जिलाधिकारी अनुपम कश्यप ने मीडिया को बताया कि राष्ट्रपति आठ मई को दिल्ली के लिए रवाना होंगी। उनके यात्रा कार्यक्रम में पांच मई को शिमला जलग्रहण क्षेत्र का दौरा शामिल है।

मुर्मू सात मई को संकट मोचन और तारा देवी मंदिरों में पूजा करेंगी, गेयटी थिएटर में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेंगी और राजभवन में उनके सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति छह मई को धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *