हॉकी इंडिया प्रमुख टिर्की ने कहा, एलेना नोर्मन ने सीईओ के रूप में शानदार काम किया

राउरकेला,  एलेना नोर्मन भले ही विवादास्पद हालात में पद छोड़कर गई हों लेकिन हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने गुरुवार को पूर्व सीईओ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह खेल के विकास में इस ऑस्ट्रेलियाई अधिकारी के योगदान की सराहना करते हैं।



पूर्व भारतीय कप्तान टिर्की ने हालांकि हॉकी इंडिया में गुटबाजी के नोर्मन के दावे को खारिज कर दिया।



टिर्की ने यहां मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘‘पद संभालने के बाद हमने अच्छा काम किया है और मैं इसकी सराहना करता हूं। हमने पिछले दो साल में टीमों का प्रदर्शन देखा है। हमारी सीईओ ने भारतीय हॉकी के लिए शानदार काम किया है। हम उनके प्रयासों और योगदान की सराहना करते हैं।’’



टिर्की और हॉकी इंडिया के सचिव भोलानाथ सिंह ने इससे एक दिन पहले संयुक्त बयान जारी करके उनके बीच मतभेद के नोर्मन के दावे को खारिज किया था।



नोर्मन ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया था और पीटीआई को दिए साक्षात्कार में उन्होंने आरोप लगाया कि संघ में गुटबाजी है। इस 49 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई ने कहा था कि टिर्की और भोलानाथ के बीच मतभेद थे और उन्होंने काम की मुश्किल परिस्थितियों की भी शिकायत की थी।

उन्होंने कहा था, ‘‘हॉकी इंडिया में दो गुट हैं। एक में दिलीप टिर्की और मैं हूं और एक में भोलानाथ सिंह, (कार्यकारी निदेशक) कमांडर आर के श्रीवास्तव और (कोषाध्यक्ष) शेखर जे मनोहरन हैं।’’

नोर्मन का इस्तीफा भारतीय महिला हॉकी टीम की कोच यानेक शॉपमैन के पद छोड़ने के ठीक बाद आया है। उन्होंने भी काम की मुश्किल परिस्थितियों की शिकायत की थी। नीदरलैंड की कोच ने हॉकी इंडिया पर महिला हॉकी के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया था।



लेकिन टिर्की ने शॉपमैन के योगदान की सराहना की और महिला टीम को नई शुरुआत करने के लिए हर संभव मदद देने का वादा किया।

उन्होंने कहा, ‘‘महिला टीम ने 2023 में अच्छा प्रदर्शन किया। लड़कियों ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2023 एफआईएच नेशंस कप जीता। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और एशियाई खेलों में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है।’’

भारत के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘उन्होंने ओलंपिक क्वालीफायर में भी अच्छा खेला लेकिन यह पूरी तरह से दुर्भाग्य था। लेकिन मैं यह नोट कर रहा हूं कि हमने कहां गलतियां कीं और हम कौन सी मांगें समय पर पूरी नहीं कर सके, हम इसका आकलन कर रहे हैं।’’

हॉकी इंडिया प्रमुख ने कहा कि महासंघ का ध्यान अभी पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने के लिए पुरुष टीम को तैयार करने पर है।

टिर्की ने कहा, ‘‘पुरुष टीम पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है और अब हम सोच रहे हैं कि वे (पेरिस में) कैसे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘साथ-साथ, महिला टीम भी हमारे दिमाग में है। हम इस पर काम कर रहे हैं कि उनके लिए भविष्य की बेहतर योजनाए कैसे बनाई जाएं।’’