कांग्रेस की सत्ता बरकरार रही तो सिलेंडर रिफिल करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी मिलेगी : प्रियंका

खैरागढ़, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने छत्तीसगढ़ की जनता से वादा किया है कि राज्य में पार्टी की सरकार बरकरार रहने पर महतारी न्याय योजना लागू की जाएगी जिसके तहत प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी दी जाएगी तथा राज्य में दो सौ यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी।

प्रियंका ने खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के जालबांधा गांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महिलाओं, आम जनता और किसानों के लिए आठ घोषणाएं कीं।

उन्होंने कहा, ‘छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों के लिए महतारी न्याय योजना लागू करेंगे, प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। राज्य में 200 यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी। महिला स्व-सहायता समूहों के तथा सक्षम योजना के अंतर्गत लिए गए ऋण माफ किए जाएंगे। आगामी वर्षों में 700 नए ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना की जाएगी।’

प्रियंका ने घोषणा की, ‘राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश और हिंदी मीडियम स्कूलों में अपग्रेड किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के निवासियों के सड़क दुर्घटनाओं में तथा अन्य आकस्मिक दुर्घटनाओं में घायल होने पर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत नि:शुल्क इलाज किया जाएगा। परिवहन व्यवसाय से जुड़े 6,600 से अधिक वाहन मालिकों के वर्ष 2018 तक के 726 करोड़ राशि के बकाया मोटरयान कर और कर्ज के ब्याज को माफ किया जाएगा तथा राज्य के किसानों से ‘तिवरा’ फसल को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।’

बाद में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने हैंडल पर पोस्ट किया, ‘हमारी गारंटी : महतारी न्याय योजना। फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ की माताओं एवं बहनों के लिए ‘महतारी न्याय योजना’ लागू कर प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर 500 रुपए की सब्सिडी घर की महिला के बैंक खाते में सरकार द्वारा सीधे जमा की जाएगी।’’

प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें बुखार है लेकिन जनता की खुशी देखकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि वह पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश गई थीं लेकिन वहां की जनता खुश नहीं थी।

उन्होंने कहा कि खैरागढ़ राजपरिवार और गांधी—नेहरू परिवार के बीच हमेशा से अच्छे रिश्ते रहे हैं और मुख्यमंत्री बघेल ने कांग्रेस की तरफ से उस रिश्ते को निभाते हुए खैरागढ़ को जिला बनाने की मांग पूरी की।

प्रियंका ने छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जनता के कल्याण के लिए किए गए कामों की सराहना की और कहा कि मध्य प्रदेश की (भाजपा) सरकार के कारण वहां की जनता दुखी है। उन्होंने कहा ‘‘वहां की सरकार ने 22000 घोषणाएं कीं, लेकिन एक को भी पूरा नहीं किया बल्कि 220 घोटाले कर दिए।’’

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में किसानों, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों सभी के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि पहले बस्तर नक्सल समस्या के लिए जाना जाता था लेकिन आज वह मिलेट यानी मोटे अनाज के उत्पादन के लिए जाना जाता है।

प्रियंका ने जाति आधारित जनगणना की वकालत करते हुए कहा ‘‘जब संख्या के बारे में जानकारी ही नहीं होगी तब योजनाएं कैसी बनेंगी? लोगों का विकास कैसे होगा? भाजपा केवल कहती है कि वह एसटी, एससी, ओबीसी का उत्थान करना चाहती है लेकिन जब जाति जनगणना की बात आती है तब वह साफ मना कर देती है।’’

उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा, ‘महिला आरक्षण विधेयक पारित कर दिया गया। खूब प्रचार किया गया लेकिन जानकारी मिली कि यह 10 साल तक लागू नहीं होगा। प्रचार हो जाता है, पब्लिसिटी भी हो जाती है लेकिन जमीन पर काम नहीं होता है। यह इनकी राजनीति है।’

प्रियंका ने जनता से आग्रह किया कि वह अपने और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस को वोट दें।

खैरागढ़ छत्तीसगढ़ की उन 20 विधानसभा सीटों में से एक है जहां सात नवंबर को पहले चरण में मतदान होगा। अन्य 70 सीटों पर दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। कांग्रेस ने खैरागढ़ सीट से मौजूदा विधायक यशोदा वर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है।