भाजपा के सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

0
dewqswwwww

पटना, 15 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली।

चौधरी इस पद पर आसीन होने वाले, भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने चौधरी को मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को यहां लोकभवन में मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शीर्ष नेता भी शामिल हुए। राज्य में सत्तारूढ़ राजग में भाजपा, जदयू और तीन अन्य पार्टियां शामिल हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और चिराग पासवान, नीतीश कुमार और राजग के सभी विधायक शामिल थे।

नीतीश कुमार अब राज्यसभा सदस्य हैं। उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और अपने मंत्रिमंडल को भंग कर दिया जिसमें चौधरी उपमुख्यमंत्री थे और उनके पास गृह मंत्रालय का महत्वपूर्ण प्रभार था।

चौधरी 2017 में भाजपा में शामिल हुए थे। उन्हें मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे शीर्ष पदाधिकारियों की उपस्थिति में विधायक दल का नेता नामित किया गया। संसदीय बोर्ड ने चौहान को इस परिवर्तन के लिए ‘‘केंद्रीय पर्यवेक्षक’’ के रूप में नामित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *