राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के बाद संसद पहुंचीं सीतारमण

नयी दिल्ली,  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक बार फिर पारंपरिक ‘बही-खाता’ शैली की थैली में लिपटा एक डिजिटल टैबलेट लिए बृहस्पतिवार को संसद पहुंचीं। वह पिछले तीन वर्षों की तरह अंतरिम बजट 2024-25 को कागज रहित प्रारूप में पेश करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने जाने से पहले उन्होंने अपने अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय के बाहर तस्वीर खिंचवाई। इस मौके पर वह नीले रंगी की साड़ी पहने नजर आईं। बजट को डिजिटल प्रारूप में पेश करने के लिए उनके हाथ में ब्रीफकेस की जगह टैबलेट था।

टैबलेट को ब्रीफकेस के बजाय सुनहरे रंग के राष्ट्रीय प्रतीक के साथ एक लाल कवर के अंदर रखा गया था। वह राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मिलने के बाद सीधे संसद पहुंचीं।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसदीय चुनाव से पहले लगातार छठा बजट पेश करेंगी। इसके साथ ही वह मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगी। मोरारजी देसाई ने दो अंतरिम बजट पेश (एक 1962 में और दूसरा 1967 में) किए थे। देसाई को लगातार छह बजट पेश करने का गौरव प्राप्त है। उन्होंने कुल 10 केंद्रीय बजट पेश किए थे।

सीतारमण अपने चुनाव पूर्व बजट में अप्रैल से शुरू होने वाले नए वित्त वर्ष के पहले चार महीनों के लिए केंद्र सरकार के आवश्यक व्यय को पूरा करने के वास्ते अग्रिम अनुदान के लिए संसद की मंजूरी मांगेगी।

यह अंतरिम बजट होगा और अप्रैल/मई आम चुनाव के बाद चुनी गई नई सरकार संभवत: जुलाई में पूर्ण बजट पेश करेगी।