फ्रांस में रोका गया विमान सोमवार को भारत रवाना हो सकता है: एअरलाइन के वकील ने कहा

पेरिस,  मानव तस्करी के संदेह में पेरिस के पास एक हवाई अड्डे पर फ्रांसीसी अधिकारियों द्वारा रोके गए विमान के सोमवार सुबह भारत के लिए उड़ान भरने की उम्मीद है। यह बात स्थानीय मीडिया की एक खबर में कही गई।

इस विमान को रोके जाने के समय इसमें 303 यात्री सवार थे जिनमें ज्यादातर भारतीय हैं जिन्हें हिरासत में ले लिया गया।

संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से 303 यात्रियों को लेकर निकारागुआ जा रही उड़ान को मानव तस्करी के संदेह में बृहस्पतिवार को पेरिस से 150 किमी पूर्व में स्थित वैट्री हवाई अड्डे पर रोक लिया गया था।

रविवार को, फ्रांसीसी अधिकारियों ने रोमानियाई कंपनी ‘लीजेंड एअरलाइंस’ द्वारा संचालित ए340 विमान को अपनी यात्रा फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी।

फ्रांसीसी समाचार प्रसारण टेलीविजन और रेडियो नेटवर्क बीएफएम टीवी ने एअरलाइन के वकील लिलियाना बाकायोको के हवाले से कहा कि विमान के सोमवार सुबह लगभग 10 बजे (स्थानीय समय) उड़ान भरने की उम्मीद है।

इसने कहा कि विमान के भारत में मुंबई की ओर उड़ान भरने की संभावना है, जहां से संभावित रूप से मानव तस्करी के शिकार यात्री आए हैं।

वकील ने कहा, “हमें बहुत राहत है, हम इसका इंतजार कर रहे थे।”

वकील के अनुमान के अनुसार, इस उड़ान में 200 से 250 यात्रियों के रवाना होने की उम्मीद है।

चैनल ने कहा कि वे सभी यात्री जो पुलिस हिरासत में नहीं हैं और जिन्होंने शरण के लिए आवेदन नहीं किया है, उनके भारत रवाना होने की उम्मीद है।