भारतीय उच्चायुक्त ने प्रधानमंत्री गुणवर्धने से मुलाकात की, द्विपक्षीय संबंधों पर की चर्चा

कोलंबो,  श्रीलंका में भारत के नए उच्चायुक्त संतोष झा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न आयामों पर चर्चा की।

झा ने पिछले सप्ताह श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया था।

कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के आधिकारिक हैंडल पर पोस्ट किया, ‘‘ उच्चायुक्त ने आज महामहिम प्रधानमंत्री डीसीआर गुणवर्धने से मुलाकात की। उन्होंने बहुआयामी भारत-श्रीलंका संबंधों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।’’

दोनों पक्षों ने इस बात पर भी जोर दिया कि बौद्ध धर्म के जरिये सदियों पुराने संबंध दोनों देशों के लोगों के बीच स्थायी संबंध के केंद्र में हैं।

झा एक वरिष्ठ भारतीय राजनयिक हैं। वह कोलंबो में अपना कार्यभार संभालने से पहले यूरोपीय संघ, बेल्जियम और लक्जमबर्ग में भारत के राजदूत रह चुके हैं।

झा ने 2007-2010 तक कोलंबो में उच्चायोग में काउंसलर के रूप में भी काम किया था और वाणिज्यिक और आर्थिक मामलों से संबंधित कार्य संभाला था। इस अवधि के दौरान, उन्होंने भारत-श्रीलंका विकास सहयोग की रूपरेखा तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी।