जाति जनगणना से होगा सामाजिक न्याय, लेकिन भाजपा कर रही विरोध: अशोक चव्हाण

मुंबई,  महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जाति आधारित जनगणना का विरोध करने का आरोप लगाया और कहा कि इस कवायद से बेहतर सामाजिक न्याय हो सकता है।

कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर नागपुर में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए चव्हाण ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी देश में जाति आधारित जनगणना चाहती है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की यह भी राय है कि आरक्षण पर 50 प्रतिशत सीमा को हटाया जाना चाहिए। पूरी कवायद (जातीय जनगणना की) सभी राज्यों में आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने में मदद करेगी, लेकिन भाजपा इसका विरोध कर रही है।’’

चव्हाण ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह के मामलों से ध्यान हटाने की गंभीर कोशिशें हुई हैं, वहीं कुछ बिना बात के विषयों को मुद्दा बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा सरकार राज्य में एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रही है। मराठा बनाम ओबीसी, दलित बनाम अन्य, अनुसूचित जाति बनाम अनुसूचित जनजाति।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यह राज्य में वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने का तरीका है।’’

चव्हाण ने यह दावा भी किया कि लोग समझ गए हैं कि केंद्र में भाजपा की सरकार की वजह से पिछले दस साल बेकार हो गए।

उन्होंने कहा, ‘‘कई लोग कहते हैं कि वे भारत को कांग्रेस मुक्त बनाना चाहते हैं। यह बात नहीं भूलनी चाहिए कि ऐसे लोगों का कोई पता नहीं, लेकिन कांग्रेस पार्टी वैसी की वैसी है।’’