नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को ‘पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ और दिल्ली सरकार की तीन अन्य महिला-केंद्रित कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की ।
“सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुर्मू ने कहा कि बस में मुफ्त यात्रा और एकीकृत परिवहन सुविधा जैसी पहल महिलाओं की स्वतंत्रता और सुरक्षा को मजबूत करेंगी।
इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने राशन कार्ड धारक परिवारों के लिए भी एक योजना की शुरुआत की जिसके तहत होली और दिवाली पर प्रतिवर्ष दो एलपीजी सिलेंडर निशुल्क मुहैया कराए जाएंगे।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के जरिए 129 करोड़ रुपये लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे जमा किए जाएंगे।
उन्होंने ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ और ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ पहल की भी शुरुआत की।
राष्ट्रपति ने कहा कि निर्णय लेने की स्वतंत्रता के साथ सशक्त महिलाएं समाज और राष्ट्र की दिशा बदल सकती हैं।
सामूहिक जिम्मेदारी पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल सरकार का कर्तव्य नहीं है, बल्कि समाज को भी अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई योजनाएं महिलाओं को सशक्त बनाएंगी और समृद्ध दिल्ली के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेंगी।