यूं तो बाजार में रेडिमेड स्वेटरों की कमी नहीं, फिर भी बहुत से ऐसे लोग हैं जिन्हें होम मेड स्वेटर अधिक नर्म और अच्छे लगते हैं। अगर आप स्वयं स्वेटर बनाने की शौकीन हैं तो कुछ टिप्स पर ध्यान देकर और अधिक अच्छे स्वेटर बना सकती हैं अपने लिए, परिवार के लिए और गिफ्ट देने के लिए:- – ऊन हमेशा अच्छी कंपनी की ही लें ताकि आपकी मेहनत व्यर्थ न जाए। – बच्चों के लिए नर्म ऊन का प्रयोग करें ताकि स्वेटर नर्म बनें। – जिस भी ऊन का स्वेटर आप बना रही हैं, ऊन जरूरत से थोड़ी अधिक लें ताकि कम पड़ने पर कलर में अंतर न आए। – जिन सिलाइयों पर आपने स्वेटर बनाना है, सिलाइयां अच्छी कंपनी की लें। सिलाइयों से निटिंग पर प्रभाव पड़ता है। खुरदरी या रंग उतरी सिलाई पर बना स्वेटर खुरदरा बनता है। – दिन के समय खरीदी गई ऊन का कलर आप अच्छे से देखकर खरीद सकते हैं। – जब भी स्वेटर बुनना शुरू करें, हाथों को धोकर सुखाकर बुनाई प्रारंभ करें जिससे हल्के रंग गंदे न होने पाएं। हो सके तो ऊन को पारदर्शी पालिथिन बैग में रखें। – कई लोग मिलकर स्वेटर न बनाएं। अगर एक हाथ से बना स्वेटर होगा तो ज्यादा सुंदर लगेगा क्योंकि सभी की बनावट अलग होती है। – बच्चों के स्वेटर पर कार्टून, एनीमल मोटिफ लगा सकती हैं अगर स्वेटर प्लेन बुन रही हैं तो। प्लेन स्वेटर पर मोती और ऊन धागे से डिजाइन बना सकती हैं। अगर आप डिजाइन वाला स्वेटर बना रही हैं तो उस पर कुछ न लगाएं। स्वेटर के बार्डर में विभिन्नता ला सकती हैं जैसे गार्टर स्टिच, डबल रिब, एक दो फंदे का केबल, जिग जैग वाले डिजाइन वाला। – स्वेटर पर कढ़ाई करते समय ऊन पतली प्रयोग में लाएं। अगर धागे से कढ़ाई कर रही हैं तो पक्के रंग वाले धागे का प्रयोग करें। धागों या ऊन को जोर से न खींचें। इससे कढ़ाई खराब हो सकती है। धैर्य पूर्वक कढ़ाई करें । – कढ़ाई करते समय नीचे पेपर या पेपर फोम का इस्तेमाल करें। कढ़ाई में सफाई ज्यादा आएगी। कढ़ाई पूरी होने पर गांठ अच्छे से लगाएं और ऊन या धागे को कैंची से काटें। – ग्राफ पेपर की सहायता से एक से ज्यादा ऊन वाले डिजाइन पहले तैयार कर फिर बुनाई करें। अधिक रंगों का प्रयोग कलर कांबिनेशन को ध्यान में रखकर बनायें। – एक से अधिक कलर की ऊन का प्रयोग करते समय हाथ थोड़ा ढीला रखें ताकि स्वेटर खिंचा खिंचा न लगे। – छोटे बच्चों के स्वेटर बनाते समय ध्यान दें गोल गला या आगे से खुला स्वेटर बनाएं जिससे उन्हें पहनाने में आसानी हो। – टीनएजर्स हेतु बोट नेक, पोलोनेक, पीनेक बनाएं। बड़ी उम्र वालों के लिए वी नेक या गोल नेक ही बनाएं। महिलाओं के लिए सामने से खुले स्वेटर ही अच्छे लगते हैं।