जयराम ठाकुर कंगना के परिचयकर्ता की भूमिका तक सिमट गए हैंर: मुकेश अग्निहोत्री

0

ऊना (हिमाचल प्रदेश),हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अभिनेत्री और मंडी से पार्टी की उम्मीदवार कंगना रनौत का परिचय कराने की भूमिका तक सीमित कर दिया गया है।

अग्निहोत्री ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव गंभीरता से लड़ रही है और इसलिए उनकी पार्टी के मंडी उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह की जीत तय है।

अग्निहोत्री एक कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए ऊना जिले के घालूवाल में थे।

हिमाचल के उपमुख्यमंत्री ने कहा, ”विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर पहले खुद को हिमाचल प्रदेश का स्टार प्रचारक मान रहे थे, लेकिन अब वह केवल मंडी संसदीय क्षेत्र की उम्मीदवार कंगना के परिचयकर्ता बनकर रह गये हैं।”

27 फरवरी को छह पूर्व कांग्रेस विधायकों के साथ भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार हर्ष महाजन के पक्ष में मतदान करने वाले तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसा लगता है कि ठाकुर उन्हें भी ले डूबे क्योंकि उनके पास इस्तीफा देने की कोई मजबूरी नहीं थी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ठाकुर राज्य में सत्ता हासिल करने की जल्दी में थे और परिणामस्वरूप हिमाचल में ‘ऑपरेशन लोटस’ विफल हो गया।

अग्निहोत्री ने कहा, “राज्य में लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई कांग्रेस सरकार को गिराने के अपने अभियान में सफल नहीं होने के लिए उन्हें (ठाकुर को) भाजपा आलाकमान द्वारा डांटा जा रहा है।”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ये न समझे कि केवल वही भगवान राम की भक्त है।

अग्निहोत्री ने कहा, ”भाजपा ने अयोध्या में राम मंदिर बनवाया लेकिन हम सभी इसके पक्ष में हैं। हम भी भव्य मंदिर में माथा टेकने जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि मंदिर आस्था का केंद्र हैं लेकिन भाजपा वोट हासिल करने के लिए उसका इस्तेमाल कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *