जमीनी राजनीति से कटे हैं कांगड़ा से कांग्रेस उम्मीदवार आनंद शर्मा: भाजपा नेता शांता कुमार

0

धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश),  भाजपा नेता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस को कांगड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए कोई स्थानीय नेता नहीं मिलने की वजह से ही पार्टी ने आनंद शर्मा को मजबूरी में चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने शर्मा को ‘जमीनी राजनीति’ से कटा हुआ बताया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि शर्मा मुख्य रूप से राज्यसभा में अपने कार्यकाल के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने स्थानीय मतदाताओं के साथ जुड़ पाने की आनंद शर्मा की क्षमता पर संदेह व्यक्त किया।

कुमार ने इस सीट से भाजपा उम्मीदवार राजीव भारद्वाज को एक प्रभावशाली उम्मीदवार बताते हुए कहा कि वे इस क्षेत्र से परिचित हैं और पहले ही क्षेत्र का कई दौरे कर चुके हैं।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि तीन सर्वेक्षण कराने के बावजूद कांग्रेस को कांगड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक कोई स्थानीय नेता नहीं मिला, जिसके कारण पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया।

कुमार ने कहा कि शर्मा ‘‘जमीनी स्तर की राजनीति से कटे हुए हैं।’’ उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने 42 वर्ष पहले शिमला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें जीत नहीं मिली थी।

भाजपा नेता ने दावा किया कि इस बार भी इतिहास अपने को दोहरायेगा और शर्मा को भारी मतों से हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अन्य लोकसभा सीटों की तरह भाजपा कांगड़ा में भी ऐतिहासिक जीत की तरफ बढ़ रही है।

भारद्वाज और आनंद शर्मा दोनों पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में एक जून को अंतिम चरण में मतदान होना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *