ब्रिटेन की अदालत ने राजकुमार हैरी की सुरक्षा हटाने के कदम को सही ठहराया

लंदन, लंदन की एक अदालत ने बुधवार को अपने फैसले में कहा कि शाही परिवार के कार्यकारी सदस्य के रूप में अपना दर्जा छोड़ने और अमेरिका में बसने के बाद ब्रिटेन की यात्रा के दौरान राजकुमार हैरी से सरकार द्वारा वित्त पोषित सुरक्षा घेरा अनुचित रूप से नहीं छीना गया था।

उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पीटर लेन ने कहा कि मामला-दर-मामला आधार पर हैरी को सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय गैरकानूनी, तर्कहीन या अनुचित नहीं था।

ड्यूक ऑफ ससेक्स हैरी ने दावा किया था कि सोशल मीडिया और समाचार मीडिया पर उन्हें और उनकी पत्नी को लगातार निशाना बनाए जाने के कारण ब्रिटेन जाने पर उन्हें और उनके परिवार की सुरक्षा को खतरे में डाला गया था।

हैरी के वकील ने दलील दी कि उनके मुवक्किल की सुरक्षा जरूरतों का मूल्यांकन करने वाले सरकारी समूह ने तर्कहीन तरीके से काम किया और ड्यूक की सुरक्षा से जुड़े जोखिम के विश्लेषण संबंधी अपनी नीतियों का पालन करने में विफल रहे।

सरकारी वकील ने कहा कि हैरी की सुरक्षा के मद्देनजर उचित व्यवहार किया गया था और अभी भी कुछ यात्राओं पर उन्हें सुरक्षा प्रदान की गई थी। सरकारी वकील ने अपनी दलीलों के पक्ष में जून 2021 में एक घटना का जिक्र किया, जिसमें फोटोग्राफरों द्वारा हैरी का पीछा करने पर उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी।