पंजाब एवं हरियाणा में ठंड की स्थिति बरकरार, कई स्थानों पर छाया रहा कोहरा

चंडीगढ़,  पंजाब और हरियाणा में मंगलवार को भी कंपकपा देने वाली ठंड जारी रही जिसमें कई स्थानों पर सुबह कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर कम हो गया।

मौसम कार्यालय ने एक रिपोर्ट में बताया कि पंजाब के गुरदासपुर और हरियाणा के नारनौल में लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। इन दोनों स्थानों पर न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में अमृतसर में रात में तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बठिंडा, पठानकोट एवं पटियाला में तापमान सात-सात डिग्री जबकि लुधियाना में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस और करनाल एवं भिवानी में 7.2 डिग्री रहा। इस बीच, दोनों राज्यों में कई स्थानों पर सुबह घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता का स्तर घट गया।

देश के इस हिस्से में पिछले कुछ दिनों के दौरान दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई जो इस मौसम के सामान्य तापमान से कुछ कम है।