फारस की खाड़ी के विवादित द्वीपों पर बयान को लेकर ईरान ने रूसी दूत को तलब किया

दुबई, फारस की खाड़ी में विवादित द्वीपों पर बयान को लेकर ईरान ने रूसी दूतावास के प्रभारी को तलब कर विरोध दर्ज कराया है। ईरान की मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।

रूस और अरब देशों ने इस सप्ताह की शुरुआत में एक संयुक्त बयान जारी कर फारस की खाड़ी में विवादित द्वीपों पर ईरान के दावे को चुनौती दी थी।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने कहा कि रूसी दूत को शनिवार को तलब कर मॉस्को को देने के लिए एक नोट सौंपा गया। इसमें तेहरान ने मोरक्को में जारी छठे अरब-रूसी सहयोग मंच के बयान का विरोध किया, जिसमें द्वीपों पर ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच विवाद को सुलझाने के लिए शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया गया था।

इरना ने एक अलग रिपोर्ट में कहा कि शनिवार को, ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने अपने रूसी समकक्ष से फोन पर बात की और कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय संबंधों में देशों की संप्रभुता और अखंडता का सम्मान करना बुनियादी सिद्धांतों में से एक है।’’

इस साल यह दूसरी बार है जब ईरान ने विवादित द्वीपों पर टिप्पणियों के विरोध में रूसी दूत को तलब किया है। तेहरान ने इसी तरह के एक बयान पर जुलाई में रूसी राजदूत को तलब किया था।