बच्चों को बनाएं शाकाहार का शौकीन

0
food-snack-ideas

अधिकतर मम्मियों की शिकायत होती है कि बच्चों को हरी सब्जियां कैसे खिलाएं? बच्चे तो सब्जी के नाम से नाक-मुंह सिकोड़ते हैं। उन्हें खाने को राजमां, चने, चिकन, मीट या जंक फूड ही चाहिए। बच्चे को यदि सीधे रूप से हरी सब्जियां पसंद नहीं हैं तो उन्हें कुछ अन्य खाद्य पदार्थों में मिला कर देने से आप उन्हें भी वेजीटेबल लवर बना सकती हैं। आइए देखिए कि कैसे या किस रूप में उन्हें हरी सब्जियां दी जाएं।
 बच्चों को वेजि़टेबल बर्गर और सैंडविच बनाने के लिए उत्साहित करें। बच्चे अपने हाथों द्वारा तैयार किए बर्गर और सैंडविच चाव से खाएंगे। आप भी उनके साथ बैठकर खाएं और प्रशंसा करें कि कितना न्यूट्रीशियस और स्वादिष्ट बनाया है।
 अपने फ्रिज में हरी सब्जियां भर कर रखें जैसे बंदगोभी, मटर, पालक, गाजर, ब्रोकली, टमाटर, शिमला मिर्च आदि। आजकल शिमला मिर्च और बंदगोभी कई रंगों में आती है। थोड़ी-थोड़ी मात्रा उनकी भी रखें ताकि बच्चे फ्रिज खोलते समय उन्हें देखें और आकर्षित हों।
 पाव-भाजी बनाते समय भाज़ी में आलू के साथ कई हरी सब्जियां जैसे मटर, बंदगोभी, ब्रोकली, धनिया आदि डालें ताकि भाज़ी के साथ हरी सब्जियां भी बच्चे खा लें। कोशिश करें कि सब्जियों को अधिक मैश कर न बनाएं।
 हरी सब्जियों से भरे पुलाव, बिरयानी और नमकीन दलिया बनायें। जब उन्हें पुलाव, दलिया सर्व करें तो ऊपर से धनिया पत्ती डालें और थोड़ा गाजर, टमाटर, पालक आदि भी डाल दें।
 हरी सब्जियों का सूप दाल में मिलाकर या बाजार के रेडिमेड सूप पैकेट भी बनाते समय उसमें कुछ मटर के दाने, धनिया पत्तियां, गाजर, फूलगोभी बारीक कटी हुई डालें। देखने में भी सुंदर लगेगा और पौष्टिक भी होगा।
 पिज़ा बनाते समय खूब सारी हरी सब्जियों से और मशरूम से पिज़ा बेस सजाएं और उस पर चीज़ डालकर बनाएं।
 कभी कभी हरी सब्जियों को ब्लैंड कर उनसे आटा गूंथें, फिर बच्चों को उस आटे के परांठे और पूरी खाने को दें।
देखिए कुछ ही दिनों में बच्चों को हरी सब्जियां खाने का शौक विकसित हो जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *