‘इंडियन पुलिस फोर्स’ की नफीसा खान, वैदेही परशुरामी

1 फरवरी, 1992 को मुंबई में पैदा हुई, मराठी और हिंदी फिल्‍म एक्‍ट्रेस वैदेही परशुरामी ने अपनी स्कूली शिक्षा मुंबई के दादर पूर्व के हिंदू कॉलोनी में स्थित इंडियन एजुकेशन सोसाइटी के इंग्लिश मीडियम स्कूल से की।

इसके बाद उन्होंने मुंबई में रामनिरंजन आनंदीलाल पोद्दार कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स में जूनियर कॉलेज में पढ़ाई की। उन्होंने रामनारायण रुइया कॉलेज से अंग्रेजी साहित्य के साथ बी.ए. की डिग्री हासिल करने के बाद न्यू लॉ कॉलेज, मुंबई से एल.एल.बी. भी किया है। वह एक प्रशिक्षित शास्त्रीय कथक नर्तकी भी हैं।

वैदेही परशुरामी ने 2010 में आदिनाथ कोठारे के साथ मराठी फिल्‍म ‘वेद लवी जीवा’ के साथ करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह मराठी फिल्‍म ‘कोकणस्‍थ’ (2012) और ‘वृन्‍दावन’ (2016) में दिखाई दीं।

वैदेही ने वर्ष 2016 में, फिल्‍म ‘वज़ीर’ से हिंदी फिल्‍मों में डेब्‍यू करते हुए, नीना धर के किरदार में काफी प्रशंसा हासिल की।  रोहित शेट्टी की फिल्‍म ‘सिम्‍बा’ (2018) में वैदेही ने आकृति दवे का किरदार निभाया। यह उनके लिए एक बड़ा ब्रेक था।

2018 में ही वैदेही की मराठी फिल्‍म ‘डॉ. काशीनाथ घाणेकर’ रिलीज हुई। इस फिल्‍म में सुबोध भावे के अपोजिट उन्‍होंने कंचन घाणेकर की यादगार भूमिका निभाई। इस किरदार के लिए उन्‍हैं महाराष्‍ट्र राज्‍य के शीर्ष पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया।

2022 की मराठी फिल्म ‘ज़ोम्बिवली’ में सीमा जोशी के किरदार में वैदेही को काफी अधिक पसंद किया गया। हिंदी और मराठी फिल्‍मों के अलावा वैदेही वर्ष 2021 से मराठी टेलीवीजन पर भी काफी सक्रीय हैं।

जी मराठी के सबसे अधिक लोकप्रिय धारावाहिक ‘चला हवा येऊ द्या’ (2021) में गेस्‍ट अपीरियंस के साथ उन्‍होंने टीवी पर शुरूआत की थी। इसके बाद वो, कलर मराठी पर प्रसारित ‘बिग बॉस मराठी 3’ (2021) में नजर आईं।

स्‍टार प्रवाह के रियलिटी शो ‘मी होणार सुपर स्‍टार’ (2021-2022)  और जी मराठी के शो ‘फू बाई फू सीजन 9’ (2022) को वैदेही ने किया, उनके इस अंदाज को काफी पसंद किया गया।

इस साल, अमेजन प्राइम पर रिलीज हुई, रोहित शेट्टी की डेब्‍यू वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ में वैदेही ने नफीसा खान का यादगार रोल निभाया।