दक्षिणी कैलिफोर्निया में भीषण वनाग्नि, लोगों को घर खाली करने के आदेश

0
bqprimehindi_2025-01-10_yd386jpj_Fire

कैलिफोर्निया, चार अप्रैल (एपी) दक्षिणी कैलिफोर्निया में तेज हवाओं के बीच भीषण होती जा रही वनाग्नि के मद्देनजर लोगों को घर खाली करने के आदेश और चेतावनियां जारी की गई हैं।

आग शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे भड़की और अपराह्न ढाई बजे तक 2.34 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैल चुकी थी। रिवरसाइड काउंटी के मोरेनो वैली के पूर्व में लगी इस आग के कारणों की जांच जारी है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने घरों को खाली कराने के आदेश दिए गए हैं या चेतावनियां जारी की गई हैं।

कैलिफोर्निया अग्निशमन विभाग की जन सूचना अधिकारी मैगी क्लाइन डे ला रोजा ने कहा, “वहां बहुत तेज हवा चल रही है।”

कैलिफोर्निया अग्निशमन विभाग के अनुसार, यह आग मोरेनो वैली शहर के पास स्थित एक मनोरंजन क्षेत्र में फैल रही है। मोरेनो वैली की आबादी लगभग दो लाख है। यह शहर लॉस एंजिलिस से करीब 103 किलोमीटर पूर्व में स्थित है।

राष्ट्रीय मौसम सेवा ने सैन बर्नार्डिनो और रिवरसाइड काउंटी की घाटियों के लिए शनिवार दोपहर तक तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इसमें 50 मील प्रति घंटा (करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा) तक की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया गया है।

चेतावनी में कहा गया है, “तेज हवाओं के कारण पेड़ों की टहनियां टूट सकती हैं और कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *