विजय ने करूर हादसे में साजिश का आरोप लगाया

0
Vijay Karur

तिरुचिरापल्ली, दो अप्रैल (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने बृहस्पतिवार को करूर में हुई दुखद भगदड़ और अपनी आखिरी फिल्म ‘जननायकन’ की रिलीज में मिलीभगत और साजिश का आरोप लगाया और कहा कि वह भी करूर घटना में न्याय चाहते हैं।

27 सितंबर, 2025 को अभिनेता-राजनेता द्वारा संबोधित एक रैली में हुई भगदड़ में 41 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।

पूर्वी तिरुचिरापल्ली विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विजय ने कहा कि जैसा कि कई लोग जोर दे रहे हैं, करूर की घटना “एक संयुक्त साजिश” थी।

तमिलगा वेत्री कषगम के प्रमुख ने अपनी आखिरी फिल्म जननायकन की रिलीज को लेकर साजिश का भी दावा किया और कहा, “मैं, जो आपके लिए न्याय मांगने आया हूं, खुद भी न्याय चाहता हूं।”

उन्होंने एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर केंद्र और राज्य दोनों सरकारों की कड़ी आलोचना की और कहा कि अगर दोनों सरकारों ने पहले से योजना बनाई होती और नियम बनाए होते तो इस संकट को टाला जा सकता था।

उन्होंने कहा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन तो किसी भी तरह की छापेमारी या पारिवारिक समस्या होने पर तुरंत दिल्ली पहुंच जाते हैं। क्या वे एलपीजी सिलेंडर संकट को सुलझाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी गए?” विजय ने सवाल किया और कहा कि तैयारियों की कमी के कारण गैस सिलेंडरों की कमी हो गई है, जिसके चलते छोटे-मोटे भोजनालय और यहां तक कि होटल भी बंद हो गए हैं।

उन्होंने कहा, “इससे कई लोगों को कठिनाई और नुकसान हुआ है। यदि वे सतर्क रहते और सावधानी बरतते, तो संकट इतना नहीं बढ़ता। इसके लिए दोनों जिम्मेदार हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *