नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बृहस्पतिवार को उत्तम नगर और जहांगीरपुरी में कई हिंदू संगठनों द्वारा शोभा यात्रा निकाले जाने के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ‘हाई अलर्ट’ पर है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
होली के दौरान जे जे कॉलोनी में एक परिवार और उसके पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े के बाद इलाके के 26 वर्षीय युवक की हत्या की घटना की पृष्ठभूमि में उत्तम नगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
इस घटना के कारण इलाके में तनाव फैल गया था, गुस्साई भीड़ ने वाहनों में तोड़फोड़ की थी और कुछ को आग लगा दी थी जिसके परिणामस्वरूप एक सप्ताह तक बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे।
यह हिंसा उस समय भड़की थी जब तरुण नाम के व्यक्ति के परिवार की एक लड़की की ओर से फेंके गए गुब्बारे का पानी पड़ोसी परिवार की एक महिला पर जा गिरा था। इस मामले में अब तक दो नाबालिगों समेत 16 लोगों को पकड़ा या गिरफ्तार किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने हनुमान जन्मोत्सव से पहले उत्तर-पश्चिम जिले में ‘फ्लैग मार्च’ किया और मोटरसाइकिल से गश्त भी की।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहार से पहले सांप्रदायिक सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए जहांगीरपुरी में अमन समिति की बैठक भी की गई क्योंकि 2022 में इलाके में हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा में पथराव और आगजनी की घटनाओं में पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए थे।
पुलिस ने कहा, ‘‘सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के जरिए निगरानी बढ़ा दी गई है। अहम स्थानों पर अवरोधक लगाए गए हैं और स्थानीय लोगों में भरोसा कायम करने के लिए ‘फ्लैग मार्च’ किए जा रहे हैं।’’
जिले के प्रमुख क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के तहत प्रमुख सड़कों और संवेदनशील इलाकों में अधिकारियों की भारी मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। इसका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और त्योहार से पहले जनता का विश्वास बढ़ाना था।