वाहनों के प्रवेश कर में बढ़ोतरी के खिलाफ भाजपा ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया

0
sewsw2s

शिमला, 31 मार्च (भाषा) विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले यहां सदन के बाहर प्रदर्शन किया और अन्य राज्यों से प्रवेश करने वाले वाहनों के ‘टोल टैक्स’ में बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की।

विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रवेश कर में बढ़ोतरी ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब के लोगों के बीच तनाव पैदा कर दिया है और खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं।

उन्होंने आगाह किया कि यदि हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस नहीं लिया, तो पंजाब सीमा के प्रवेश स्थलों पर, राज्य के पंजीकरण नंबर वाले वाहनों को रोका जा सकता है, जिससे लोगों को असुविधा होगी और कानून व्यवस्था प्रभावित होगी।

ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ‘‘मनमाने’’ फैसले ले रहे हैं।

भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने विधानसभा में व्यवस्था के प्रश्न के माध्यम से इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि मंगलवार मध्य रात्रि से प्रवेश कर की नयी दरें लागू होने के बाद बुधवार से कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में लोगों ने प्रवेश कर में वृद्धि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है और चेतावनी दी है कि 1 अप्रैल से हिमाचल प्रदेश से आने वाले वाहनों को पंजाब में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सोमवार को सदन को आश्वासन दिया था कि वह इस मुद्दे का समाधान करेंगे, लेकिन स्थिति में सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से बात करेंगे।

सुक्खू ने कहा कि प्रवेश शुल्क को लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव व्याप्त होने के बारे में सरकार को कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘शुल्क केवल बड़े वाहनों पर बढ़ाया गया है। साथ ही, हम इसे तर्कसंगत बनाने पर विचार कर रहे हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *