अधिकारी ने नंदीग्राम से पर्चा दाखिल किया, कहा : भाजपा बंगाल में निर्णायक जीत दर्ज करेगी

0
sdwswswee

कोलकाता, 30 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में निर्णायक जीत दर्ज करेगी।

अधिकारी ने पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया में उप-संभागीय अधिकारी (एसडीओ) के समक्ष अपना नामांकन पत्र सौंपा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

अधिकारी के साथ जिले से भाजपा के दो और प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

पार्टी की संभावनाओं को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे अधिकारी कहा, ‘‘इस बार मतदाताओं में भाजपा की मांग कहीं अधिक है।’’

उन्होंने कहा,‘‘भाजपा पश्चिम बंगाल में स्वच्छ, भ्रष्टाचार मुक्त, विकासोन्मुखी और नैतिक सरकार लाने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता अधिकारी ने कहा कि वह नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों ही सीटों से जीतेंगे।

भाजपा ने उन्हें सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ एक हाई-प्रोफाइल चुनावी मुकाबले में दो सीटों से मैदान में उतारा है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपने गढ़ भवानीपुर में अधिकारी के साथ कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है, जिससे यह राज्य की सबसे चर्चित विधानसभा सीट बन गई है।

अधिकारी ने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मामूली अंतर से हराया था, जिससे यह निर्वाचन क्षेत्र राज्य के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षेत्रों में से एक बन गया था।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को चुनाव होंगे। मतों की गिनती चार मई को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *