खरगे ने असम के लिए कांग्रेस की ‘पांच गारंटी’ की घोषणा की

0
asw2w233

नाओबोइचा (असम), 29 मार्च (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को चुनावी राज्य असम के लिए अपनी पार्टी की ‘‘पांच गारंटी’’ की घोषणा की, जिसमें महिला कल्याण, सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा, भूमि अधिकार और जुबीन गर्ग मृत्यु मामले में न्याय पर जोर दिया गया है।

खरगे ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार पर भी निशाना साधते हुए उस पर व्यापक भ्रष्टाचार में लिप्त होने और अपने नेताओं और उनके परिवारों की ‘‘तिजोरियां भरने’’ के लिए काम करने का आरोप लगाया।

लखीमपुर जिले के नाओबोइचा में एक रैली को संबोधित करते हुए, खरगे ने पार्टी की ‘पांच गारंटी’ को गिनाया, जिसमें महिलाओं को मासिक नकद अंतरण के साथ-साथ व्यवसाय स्थापित करने या उसका विस्तार करने की इच्छुक महिलाओं को 50,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘नकद का अंतरण बिना शर्त होगा। यह वैसा नहीं होगा जैसा भाजपा सरकार कर रही है, जहां महिलाओं को उनकी पार्टी का सदस्य बनने के लिए कहा जाता है।’’

सत्ता में लौटने का प्रयास कर रही कांग्रेस ने सभी परिवारों के लिए 25 लाख रुपये की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना, 10 लाख आदिवासी लोगों के लिए स्थायी भूमि पट्टे और राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,250 रुपये प्रति माह देने का वादा किया है।

खरगे ने कहा, ‘‘कांग्रेस के सत्ता में आने पर हम गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में 100 दिनों के भीतर न्याय सुनिश्चित करने का भी संकल्प लेते हैं।’’

राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं के परिवार के सदस्य भी इसमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘‘असम में अपने ‘डबल इंजन’ का इस्तेमाल लूटपाट करने और दिल्ली में अपने नेताओं की तिजोरियां भरने के लिए कर रही है।’’

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि वह ‘‘नकली’’ मुख्यमंत्री हैं, क्योंकि भाजपा ने 2021 का चुनाव सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में लड़ा था। उन्होंने दावा किया, ‘‘लेकिन चुनाव के बाद, शर्मा ने आदिवासी नेता सोनोवाल को हटाकर असम के मुख्यमंत्री की कुर्सी हथिया ली।’’

खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार लोगों को डरा-धमका रही है, भय का माहौल बना रही है और राज्य की जनता को बांटने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *